
रायपुर । उरकुरा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक युवक द्वारा देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान शनि कुमार पिता दुर्गेश कुमार (उम्र 18 वर्ष) निवासी शीतला तालाब के पास, सरोरा थाना उरला, रायपुर के रूप में हुई है। युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। तुरंत कार्रवाई करते हुए खमतराई थाना में अपराध क्रमांक 1204/25 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक को हिरासत में लेकर आगे पूछताछ की जा रही है, ताकि हथियार की सोर्सिंग और उसके इरादों के बारे में पूरी जानकारी हासिल की जा सके।
